-मेडिकल ओवरब्रिज के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के मेडिकल ओवरब्रिज के नीचे सोमवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना अहियापुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने में जुटी है। थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
इधर, शव मिलने की घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












