-पंचायत सरकार भवन बेरुआ में मासिक विकास शिविर आयोजित, ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण
मुजफ्फरपुर/गायघाट। सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले मासिक विकास शिविर का पंचायत सरकार भवन, बेरुआ के सभागार में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना था।
शिविर के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार, जनभागीदारी तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रेरणादायक विचारों को ध्यानपूर्वक सुना गया।

कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया उषा देवी, पंचायत सचिव सुभाष कुमार, किसान सलाहकार सुनील कुमार, कचहरी सचिव राखी कुमारी, संदीप कुमार कर्ण, राहुल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विकास शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं संबंधित विभागों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पंचायत के समग्र विकास, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गांव के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।












