-नीतीश कुमार–हिजाब विवाद को मिला अंतरराष्ट्रीय रंग, पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने दी माफी की धमकी
ब्यूरो।पटना।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला चिकित्सक के चेहरे से हिजाब हटाने के कथित विवाद ने अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले लिया है। इस मामले में पाकिस्तान का कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी भी कूद पड़ा है। उसने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफी मांगने की धमकी दी है। भट्टी ने कहा है कि यदि मुख्यमंत्री ने माफी नहीं मांगी तो “यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”
यह पूरा विवाद सोमवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक हजार से अधिक नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला चिकित्सक नियुक्ति पत्र लेने मंच पर पहुंचीं, जिनके चेहरे पर हिजाब था।
आरोप है कि नियुक्ति पत्र देते समय मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा, “यह क्या है?” और कथित तौर पर महिला चिकित्सक के चेहरे से हिजाब हटा दिया। इस घटना से महिला चिकित्सक घबरा गईं, जिन्हें मौके पर मौजूद एक अधिकारी तुरंत मंच से एक ओर ले गए। इस दौरान मुख्यमंत्री के पास खड़े उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए उनकी आस्तीन खींचते नजर आए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद और गहराता चला गया।

इसी बीच पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने इस घटना को लेकर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उसने कहा कि “सब लोगों ने देखा कि बिहार में क्या हुआ। एक बड़े पद पर बैठा व्यक्ति एक मुस्लिम महिला के साथ ऐसा व्यवहार करता है। फिर मुझ पर आरोप लगाए जाते हैं कि शहजाद भट्टी ने यह कर दिया, वह कर दिया। उस व्यक्ति के पास अभी भी समय है कि वह उस बच्ची और उस महिला से माफी मांगे। अगर आज माफी नहीं मांगी गई तो जिम्मेदार संस्थानों को कार्रवाई करनी चाहिए। बाद में यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला है और उस पर भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगते रहे हैं। सोशल मीडिया पर वह खुद को इस्लाम और पाकिस्तान का सिपाही बताता है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में पाकिस्तानी डॉन की धमकी को लेकर बिहार सरकार या मुख्यमंत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, हिजाब विवाद को लेकर देशभर में सियासी और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है।











