-नवरात्र में ट्रेन यात्रियों को मिलेगी व्रत थाली
-सीट पर पहुंचेगा फलाहार
-आईआरसीटीसी ने शुरू की विशेष ई-कैटरिंग सुविधा
-बिना प्याज-लहसुन के सात्विक भोजन की कर सकेंगे बुकिंग
मुजफ्फरपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान ट्रेन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले व्रतधारी यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उपवास रखने वाले रेल यात्रियों की सुविधा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने विशेष व्रत थाली और सात्विक व्यंजनों की व्यवस्था की है। इसके तहत यात्रियों को ट्रेन में अपनी सीट पर ही फलाहार और व्रत के अनुकूल भोजन उपलब्ध कराने की सुविधा दी जा रही है।

आईआरसीटीसी की आधिकारिक ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से यात्री विशेष व्रत थाली और बिना प्याज-लहसुन से तैयार सात्विक भोजन मंगा सकते हैं। इससे नवरात्र के दौरान उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं को लंबी रेल यात्रा में खान-पान की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
यात्री ई-कैटरिंग पोर्टल, मोबाइल ऐप या फोन कॉल के जरिए अपनी पसंद का फलाहार बुक कर सकते हैं। बुकिंग के दौरान यात्रियों को अपनी ट्रेन और सीट से संबंधित जानकारी देनी होगी, ताकि निर्धारित स्टेशन पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
इस सुविधा से नवरात्र के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा में व्रत के अनुकूल भोजन तलाशने की परेशानी कम होगी और यात्री अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए सफर कर सकेंगे।












