Advertisement

एसकेएमसीएच की इमरजेंसी से चार चिकित्सक गायब, अधीक्षक ने जारी किया नोटिस

-एसकेएमसीएच की इमरजेंसी से चार चिकित्सक गायब, अधीक्षक ने जारी किया नोटिस

-दो सीनियर और दो जूनियर रेजिडेंट ड्यूटी से मिले अनुपस्थित
-वेतन काटने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद के औचक निरीक्षण में चार चिकित्सक अपने ड्यूटी स्थल पर नहीं मिले। इनमें दो सीनियर और दो जूनियर रेजिडेंट शामिल हैं। इस पर अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए चारों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उनका वेतन काटने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में रोस्टर के तहत कान, नाक एवं गला विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. दिव्या भारती, हड्डी रोग विभाग के डॉ. निशांत कुमार, जूनियर रेजिडेंट डॉ. इमरान अंसारी और सर्जरी विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉ. वेद भूषण की ड्यूटी निर्धारित थी। इसके बावजूद सुबह करीब साढ़े 11 बजे निरीक्षण के दौरान चारों चिकित्सक ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिले। अधीक्षक ने संबंधित चिकित्सकों को फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।


अधीक्षक को कान, नाक एवं गला के साथ आंख विभाग के चिकित्सकों के भी इमरजेंसी ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों के नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। अधीक्षक ने कहा कि अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंध में विभागाध्यक्षों से पूरी रिपोर्ट मांगी जा रही है। ड्यूटी स्थल से चिकित्सकों का अनुपस्थित रहना मरीजों के प्रति उनकी जिम्मेदारी में कमी को दर्शाता है।
अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विभागों की निगरानी में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इमरजेंसी वार्ड में दूर-दराज से गंभीर हालत में पहुंचने वाले मरीजों को समय पर इलाज मिलना जरूरी है। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल प्रशासन की इस कार्रवाई से इमरजेंसी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों की जवाबदेही तय करने का प्रयास किया गया है।