Advertisement

नड्डा, तावड़े से लेकर ललन सिंह तक—अमित शाह के घर धुआंधार बैठकें; बिहार में नई सरकार गठन की कवायद तेज

-नड्डा, तावड़े से लेकर ललन सिंह तक—अमित शाह के घर धुआंधार बैठकें; बिहार में नई सरकार गठन की कवायद तेज

नई दिल्ली/पटना।दीपक तिवारी।

बिहार में नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को मिले भारी बहुमत के बाद दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह-प्रभारी विनोद तावड़े ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में चुनाव नतीजों की समीक्षा हुई और सरकार गठन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

सूत्र बताते हैं कि 22 नवंबर से पहले शपथ ग्रहण की तैयारियों पर तेजी से काम चल रहा है और पूरी स्क्रिप्ट लगभग तैयार है। दिल्ली में एनडीए से जुड़े नेताओं का लगातार आना-जाना जारी है।

इसी क्रम में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी अमित शाह से मुलाकात कर नई सरकार के गठन पर महत्वपूर्ण बातचीत की। दूसरी ओर, जेडीयू के दिग्गज नेता और सांसद ललन सिंह भी शाह के निवास पहुंचे, जहां सरकार गठन को लेकर रणनीतिक मंथन हुआ। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस बैठक श्रृंखला में शामिल हुए।

अमित शाह के आवास पर हो रही इन बैक-टू-बैक बैठकों को बिहार की राजनीति में बड़े फैसलों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। एनडीए गठबंधन में समन्वय और सत्ता के नए समीकरण को अंतिम रूप देने की कोशिशें तेजी से जारी हैं।

सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री पद सहित मंत्रिपरिषद के गठन को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो सकती है। बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण तक राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रहने के आसार हैं।