-नगर निगम की पहल: 20 स्थानों पर लगाए गए प्याऊ, नागरिकों को मिलेगी गर्मी में राहत
जलापूर्ति बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, टैंकर भी रहेंगे तैयार
मुजफ्फरपुर। गर्मी को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नागरिकों की सुविधा के लिए 20 स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं। इन स्थानों पर राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन को गर्मी में राहत मिलेगी।
नगर निगम द्वारा लक्ष्मी चौक, इमली चट्टी बस स्टैंड, नगर निगम कार्यालय गेट, सरैयागंज टावर, कल्याणी चौक, अखाड़ाघाट, बनारस बैंक चौक, पानी टंकी (दैनिक जागरण के पास), मिठनपुरा चौक, अघोरिया बाजार मंदिर के पास, रामदयालु चौक, छाता चौक नाला के पास, माड़ीपुर चौक, एल.एस. कॉलेज गेट के पास, कलमबाग चौक, पक्की सराय चौक, बीएनटी चौक, धर्मशाला चौक मंदिर के पास, ब्रह्मपुरा चौक नाला के पास एवं जूरन छपरा मंदिर के पास यह व्यवस्था की गई है।

नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि “भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों की सुविधा हेतु 20 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। जल शाखा एवं इंजीनियरिंग विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि पाइपलाइन में खराबी या लीकेज की स्थिति में तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें। साथ ही जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में टैंकर तैयार रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।”
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि प्याऊ स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें तथा पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।












