-नए एसएसपी के आते ही बदला पुलिस का मिजाज: मुजफ्फरपुर में सघन वाहन जांच से अपराधियों में खलबली
जिले में पुलिस कप्तान के बदलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आ रहा है। नए एसएसपी के कार्यभार संभालते ही पुलिस सड़कों पर उतर आई है और पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। चौक-चौराहों से लेकर मुख्य सड़कों तक पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे शराब कारोबारियों और अपराधियों के बीच खलबली मच गई है।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने वाहन के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और नंबर प्लेट की बारीकी से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों का मौके पर ही चालान काटा गया, वहीं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ भी की गई। अचानक हुए इस सख्त अभियान से सड़क पर चलने वाले लोगों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए पुलिस कप्तान ने साफ संदेश दे दिया है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। शराब के अवैध कारोबार से लेकर सड़कों पर छिनतई और लूटपाट करने वाले बदमाशों तक, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट और संदिग्ध तरीके से घूमने वाले बाइकर्स पर विशेष नजर रखी जा रही है।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। लहरिया कट बाइक चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
नए कप्तान के आने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस का बदला हुआ तेवर यह संकेत दे रहा है कि अब जिले की सड़कों पर कानून का राज और सख्ती दोनों साफ नजर आएंगे। पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, जबकि अपराधियों में डर का माहौल बन गया है।













