Advertisement

दो माह की मासूम बच्ची बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाएं गिरफ्तार; बच्ची सकुशल पिता को सौंपी

-दो माह की मासूम बच्ची बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाएं गिरफ्तार; बच्ची सकुशल पिता को सौंपी

धनरूआ/जहानाबाद, 26 जुलाई। धनरूआ पुलिस ने दो माह की मासूम बच्ची को बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया। इस सफलता में धनरूआ पुलिस के साथ जहानाबाद आरपीएफ और जीआरपी की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मिता भौमिक, निवासी खरसिया, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) तथा सुनीता भट्टाचार्य, निवासी दुर्गानगर, जिला नॉर्थ 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। दोनों पर मासूम बच्ची की खरीद-फरोख्त में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, धनरूआ थाना कांड संख्या 434/26 में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक पीड़िता पूजा कुमारी, पत्नी राजू गिरी, ग्राम पभेड़ा ने बताया कि 23 जून 2026 को गांव की सुशीला देवी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे बच्चों सहित पटना ले गई। वहां सुनीता देवी, उसके पति अनिल राम और नीलू देवी ने उसे राजस्थान के कोटा में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान उनकी दो माह की बेटी साधना कुमारी को रिश्तेदार के पास रखने की बात कहकर अपने साथ ले लिया।


पीड़िता का आरोप है कि कोटा पहुंचने के बाद आरोपितों ने बताया कि बच्ची को बेच दिया गया है और अब उसे वापस लाना संभव नहीं है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनरूआ पुलिस लगातार जांच में जुटी रही। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जहानाबाद आरपीएफ और जीआरपी के सहयोग से ट्रेन संख्या 03254 फ्री फायर स्पेशल के स्लीपर कोच से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही दो माह की मासूम साधना कुमारी को सुरक्षित बरामद कर जहानाबाद जंक्शन जीआरपी थाना में उसके पिता राजू गिरी की गोद में सौंप दिया गया।
बाद में धनरूआ थाना की एएसआई नीतू झा दोनों गिरफ्तार महिलाओं को अपने साथ धनरूआ थाना लेकर पहुंचीं, जहां उनसे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, मासूम बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने धनरूआ पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की टीम का आभार व्यक्त किया।