-दर्दनाक सड़क हादसा: अवैध ऑटो पार्किंग बनी काल, कंटेनर की चपेट में आने से युवक की मौत
मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कच्ची पक्की चौक पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने अवैध ऑटो पार्किंग और प्रशासन की लापरवाही को दुर्घटना का बड़ा कारण बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
मृतक की पहचान बरियारपुर ओपी क्षेत्र के गोपालपुर निवासी बाबुल कुमार (30) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कच्ची पक्की स्थित धर्मादय नगर में परिवार के साथ रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाबुल कुमार किसी घरेलू काम से कच्ची पक्की चौक गया था। लौटने के दौरान चौक पर अवैध रूप से खड़े एक ऑटो से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि बाबुल कुमार की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उसकी ढाई साल की एक बेटी है। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि कच्ची पक्की चौक पर लंबे समय से अवैध ऑटो और अन्य वाहनों की पार्किंग होती है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो स्थानीय पुलिस और न ही ट्रैफिक पुलिस ने स्थायी कार्रवाई की। लोगों का आरोप है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कुछ दिनों तक अभियान चलाया जाता है, लेकिन बाद में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कच्ची पक्की चौक से अवैध पार्किंग हटाने, नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।












