Advertisement

तेपरी सड़क चौड़ीकरण की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

-तेपरी सड़क चौड़ीकरण की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

पटना/मुजफ्फरपुर।दीपक तिवारी।

बंदरा प्रखंड की जनता ने अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र भेजा है। बंदरा अभ्युदय शक्ति संगठन के संयोजक धीरज कुमार ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि बड़गांव से शंकरपुर पथ (पिलखी पूल–हरपुर बांध से सैदपुर पूसा मार्ग) पूरे प्रखंड की लाइफलाइन है।

यह सड़क बन्दरा प्रखंड मुख्यालय, थाना पियर, राजकीय मेला, प्रसिद्ध बाबा खगेश्वर नाथ महादेव मंदिर और राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा तक जाने का मुख्य मार्ग है। वर्तमान में इस सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क उन्नयन योजना से मात्र 12.5 फीट चौड़ा किया जा रहा है, जबकि इसकी जरूरत कम से कम 18 फीट चौड़ी मुख्य सड़क की है।

दुर्घटना का खतरा बना रहता है:

आम लोगों का कहना है कि यह मार्ग संकरी होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। जब एक बड़ी गाड़ी गुजरती है तो सामने से आने वाली छोटी गाड़ियों और बाइकों को निकालने में कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों ने कई बार पत्राचार, धरना और प्रदर्शन कर सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई, लेकिन अब तक इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए।

धीरज कुमार ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि जैसे ही सड़क समस्तीपुर जिले की सीमा में प्रवेश करती है, वहां इसे 18 फीट चौड़ा किया जा रहा है, लेकिन मुजफ्फरपुर का बंदरा प्रखंड उपेक्षित रह गया है।

मुख्यमंत्री से निवेदन:

संगठन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित को देखते हुए सड़क को 18 फीट चौड़ीकरण के साथ पथ निर्माण विभाग से बनवाने का आदेश दें। साथ ही मुख्यमंत्री को प्रसिद्ध बाबा खगेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बंदरा राजकीय मेला में आने का निमंत्रण भी दिया गया है।