-तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार मां-बेटे को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास रविवार को तेज रफ्तार निजी बस ने स्कूटी सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा बाल-बाल बच गया। घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी तशरफ बेगम के रूप में हुई है। हादसे के समय वह अपने बेटे मोहम्मद मुन्ना के साथ स्कूटी से बसैठा स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान बैरिया बस स्टैंड के पास पीछे से आ रही राज बस सर्विस की निजी यात्री बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तशरफ बेगम सड़क पर गिर गईं और बस की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर अहियापुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतका के बेटे मोहम्मद मुन्ना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के साथ स्कूटी से रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बैरिया के पास पीछे से तेज रफ्तार बस ने अचानक उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मां बस की चपेट में आ गईं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में स्वजन को सौंप दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि बैरिया के पास सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है। स्वजन ने राज बस सर्विस की बस पर टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस बस और उसके चालक की पहचान में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बैरिया बस स्टैंड और आसपास के इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।











