-तेज प्रताप यादव आरजेडी और परिवार से निष्कासित, लालू यादव ने कहा- लोकलाज सर्वोपरि
पटना। ब्यूरो।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में एक बड़ा राजनीतिक और पारिवारिक भूचाल आया है। पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने ज्येष्ठ पुत्र तेज प्रताप यादव को आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही, उन्हें परिवार से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है। यह फैसला तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के वायरल वीडियो के बाद लिया गया।
लालू यादव ने एक भावनात्मक लेकिन सख्त लहजे में सोशल मीडिया पर लिखा, “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमज़ोर करता है। तेज प्रताप का लोक आचरण और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक संस्कारों के विपरीत है। अतः उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ।”

उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि तेज प्रताप यादव अब न तो पार्टी में किसी भूमिका में रहेंगे और न ही पारिवारिक मामलों में उनका कोई स्थान होगा। लालू यादव ने यह भी जोड़ा कि “अपने निजी जीवन का भला-बुरा देखने में वह स्वयं सक्षम है। जो लोग उससे संबंध रखें, वे अपने विवेक से निर्णय लें।”
इससे पहले तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर यह दावा किया था कि वे अनुष्का यादव के साथ 12 साल से प्रेम संबंध में हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने पलटते हुए कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
इस घटनाक्रम ने आरजेडी में आंतरिक कलह और नेतृत्व संकट की नई बहस को जन्म दे दिया है।
#तेजप्रतापनिष्कासन #लालूयादव #RJD #राजनीतिकसंघर्ष #पारिवारिकमूल्य #लोकलाज












