-डीजे गाड़ी को लेकर खूनी बवाल! संचालक पर चाकू से हमला, पत्नी से बदसलूकी
दरभंगा/सिंहवाड़ा।
बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड स्थित रामपुरा गांव में डीजे गाड़ी को साइड कराने को लेकर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। असामाजिक तत्वों ने डीजे संचालक प्रभात चौबे और उनकी पत्नी मंजू देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें प्रभात चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना 30 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। एफआईआर के अनुसार, गांव के ही कुछ लोगों से डीजे गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि भरत महतो, प्रदीप कुमार, सोहन कुमार, माहो महतो समेत अन्य लोगों ने चाकू, डाइगर और अन्य हथियार से प्रभात चौबे के सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

बताया गया कि जब प्रभात चौबे की पत्नी मंजू देवी अपने पति को बचाने आगे आईं, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की और अभद्र व्यवहार करते हुए कपड़े फाड़ने की कोशिश की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के हस्तक्षेप से बड़ी अनहोनी टल गई और दोनों की जान बच सकी।
घायल प्रभात चौबे को तुरंत इलाज के लिए सिंहवाड़ा पीएचसी ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में उपचार कर उनकी स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मामले में मंजू देवी के बयान पर सिंहवाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।











