-झारखंड में ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ जवान की मौत, गांव में पसरा मातम
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड के फरीदपुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार (32) का झारखंड में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती झारखंड के चाईबासा क्षेत्र में थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

पिंटू कुमार अपने पीछे पिता शिवजी साह, माता प्रमिला देवी, पत्नी आरती कुमारी, दो पुत्रियां और डेढ़ माह का एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी पुत्री जूही तान्या छह वर्ष की है, जबकि दूसरी पुत्री कृति मिशा दो वर्ष की है। उनका पुत्र अभी मात्र डेढ़ माह का है। पिंटू कुमार का विवाह 10 दिसंबर 2018 को महुआ थाना क्षेत्र के मौदह सलखन्नी गांव निवासी आरती कुमारी के साथ हुआ था।
मृतक के पिता शिवजी साह गांव में किराना दुकान चलाते हैं। परिवार में दो भाई और दो बहन हैं। बड़े भाई राजू कुमार पिता के व्यवसाय में सहयोग करते हैं। जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, जवान का पार्थिव शरीर देर रात तक उनके पैतृक गांव फरीदपुर पहुंचने की संभावना है। गुरुवार सुबह हाजीपुर के कोनहारा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किए जाने की उम्मीद है।
जवान के असामयिक निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।











