Advertisement

जिलाधिकारी ने मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, औद्योगिक परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश

-जिलाधिकारी ने मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, औद्योगिक परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर।
जिले में औद्योगिक विस्तार को गति देने और निवेश के अनुकूल वातावरण को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेगा फूड पार्क, दामोदरपुर एवं महवल लेदर पार्क का स्थलीय भ्रमण कर संचालित तथा निर्माणाधीन औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।


निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने महवल लेदर पार्क में लेदर गुड्स के लिए विकसित किए जा रहे प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्लग एंड प्ले सुविधा को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि निवेशकों को शीघ्र औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने में सुविधा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी ने लेदर पार्क स्थित प्रशासनिक भवन एवं एचआरडी भवन का भी निरीक्षण किया और इनके निर्माण कार्य व उपयोगिता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मानव संसाधन विकास से जुड़ी गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके और रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा सके।