Advertisement

जिउतिया पर्व के पहले दिन पूर्वी चंपारण में मातम छाया: 11 की मौत, जिले के 4 हिस्सों में छाया सन्नाटा

-जिउतिया पर्व के पहले दिन पूर्वी चंपारण में मातम छाया: 11 की मौत, जिले के 4 हिस्सों में छाया सन्नाटा

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

एक तरफ माताएं शुक्रवार को दो दिवसीय जिउतिया पर्व पर के पहले दिन नहाय-खाय पर अपने बच्चों की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, दूसरी तरफ पूर्वी चंपारण में 24 घंटे के भीतर 11 लोगों की अलग-अलग घटनाओं में हुए मौत के तांडव ने कोहराम मच गया। मरने वालों में 8 की मौत डूबने से, एक की हत्या, एक की फांसी और एक की ट्रेन से कटकर हुई है।

– पहाड़पुर में एक साथ 4 बच्चियों की मौत

पहला बड़ा हादसा पहाड़पुर थाने के इनरवाभार पंचायत के वार्ड-7 में हुआ। घर के पास तालाब में नहाने गई 4 बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। मृतकों में प्रमोद महतो की दो बेटियां सोनामति (13) और फूलमती (10), वीरेंद्र महतो की बेटी सोनाली (10) और अच्छेलाल पासवान की बेटी प्रतिमा (12) शामिल हैं। प्रमोद ने बताया कि बेटियां पड़ोस की बच्चियों के साथ तालाब में नहाने गई थीं।

– बंजरिया छठ घाट पर 3 युवक डूबे

दूसरी घटना बंजरिया प्रखंड कार्यालय के पास छठ घाट की है। स्नान के दौरान 3 युवक डूब गए। सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं, पहचान की कोशिश जारी है।

-घोड़ासहन में किशोरी डूबी

तीसरी घटना घोड़ासहन के निमुइया गांव में हुई, जहां रामबाबू साह की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी तालाब में डूब गई। पुलिस ने शव को सदर अस्पताल भेजा है।

-तीन अन्य मौतों से भी दहला जिला

इनके अलावा तीन और मौतें हुईं। आदापुर थाना के कलवारी मंझरिया में 30 वर्षीय सुनीता देवी की गला और छाती पर जख्म के निशान के साथ लाश मिली, हत्या की आशंका है। रघुनाथपुर में संग्रामपुर मधुबनी निवासी मुन्ना साह की 15 वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। लखौरा थाना के नजीरवा निवासी 45 वर्षीय कृष्णा साह की रक्सौल में ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
जिले में एक साथ 11 मौतों से जिउतिया पर्व की खुशी मातम में बदल गई है।