Advertisement

जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ की 58वीं साधारण सभा भव्यता के साथ संपन्न, आर्थिक विकास में निजी क्षेत्र की भूमिका पर जोर

-जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ की 58वीं साधारण सभा भव्यता के साथ संपन्न, आर्थिक विकास में निजी क्षेत्र की भूमिका पर जोर

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ की 58वीं साधारण सभा शनिवार को भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुई। संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं नेकपा (एमाले) के उप महासचिव रघुवीर महासेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि रघुवीर महासेठ ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी देश के आर्थिक विकास में निजी क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सरकार और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के औद्योगिक विकास में भी अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए संघ द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना की।

pu
साधारण सभा के अवसर पर गणेश अतिथि सदन, गणेश मंदिर, प्रशासकीय भवन, मिथिला पेंटिंग से सुसज्जित दीवार तथा विश्राम स्थल का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में सुरेन्द्र भंडारी ने संघ की वार्षिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए व्यवसाय-अनुकूल वातावरण तैयार करने, पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमशीलता विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनकपुरधाम को एक मजबूत आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए उद्योगपतियों, व्यवसायियों और स्थानीय सरकार के बीच प्रभावी समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) के नेता एवं पूर्व विधायक परमेश्वर साह, जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, उद्योगपतियों, व्यवसायियों एवं गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभा में क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापारिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने तथा उद्योगों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।