-छात्रों में सामाजिक व भावनात्मक विकास पर जोर, प्रशिक्षण वर्ग आयोजित
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निर्देशानुसार आंतरिक प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उप-प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, ममता जायसवाल, गौतम भारती, रिसोर्स पर्सन अजय कुमार एवं डॉ. संजीव कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण का मुख्य विषय ‘सामाजिक एवं भावनात्मक अधिगम’ रहा। इस दौरान रिसोर्स पर्सन अजय कुमार ने कहा कि छात्र, शिक्षक और अभिभावक सभी सामाजिक प्राणी हैं, इसलिए सभी में सामाजिक और भावनात्मक गुणों का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि भावनात्मक समझ और सामाजिक व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने चिंता जताई कि आधुनिक समय में आपसी भावनात्मक जुड़ाव कम होता जा रहा है। ऐसे में प्रेम, सामंजस्य और अपनत्व के माध्यम से सामाजिकता और भावनात्मक संबंधों को मजबूत करना ही शिक्षा का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, रोहित कुमार, शशि भूषण मिश्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












