-चेक कर लें बैंक अकाउंट! नीतीश सरकार ने खातों में भेजी 1289 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन
पटना।ब्यूरो।
बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत दिसंबर 2025 महीने की बढ़ी हुई पेंशन राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है। कुल 1289 करोड़ रुपये की यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे पेंशनधारियों के खातों में भेजी गई है। राज्य में अब 1 करोड़ 16 लाख से अधिक लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी थी। यह निर्णय जून 2025 में लिया गया था, जिसे जुलाई 2025 से लागू किया गया। पेंशन राशि में बढ़ोतरी के बाद लाभार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है और करीब 5 लाख नए पेंशनधारी इस योजना से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन हर महीने की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में भेजी जाती है। हालांकि, इस बार 10 और 11 जनवरी शनिवार-रविवार होने के कारण 12 जनवरी को राशि जारी की गई।

इस संबंध में समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने कहा कि नीतीश सरकार की यह पहल सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जरूरतमंद, वृद्ध, दिव्यांग और विधवा लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिले, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
सरकार की इस पहल से राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।













