-चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर जीवन बाबू ने किया भलुई डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण — मतदान सामग्री वितरण अब कल
राजापाकर — संजय श्रीवास्तव।
आगामी 6 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर राजापाकर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। मंगलवार को चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर जीवन बाबू (आईएएस, केरला कैडर) ने भलुई पंचायत स्थित भलुई कॉलेज परिसर (डिस्पैच सेंटर) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों से मतदान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऑब्जर्वर जीवन बाबू ने माइक के माध्यम से उपस्थित मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि 6 नवंबर को शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर अर्द्धसैनिक बलों और सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। सभी बूथों पर पानी, बिजली, शौचालय, रैंप और व्हीलचेयर जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहाँ प्रकाश की कमी है, वहाँ अतिरिक्त बल्ब की व्यवस्था की जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ऑब्जर्वर ने यह भी कहा कि मतदान के दौरान बूथों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो लाइनों में मतदाताओं को प्रवेश दिलाया जाए और आवश्यकतानुसार बीच में रस्सी से सीमांकन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान कर्मी सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय में अपना कार्य करेंगे और प्रशिक्षण में दी गई सभी बातों का पालन करेंगे।
इस बीच, मतदान कर्मियों में नाराज़गी भी देखी गई क्योंकि मंगलवार को मतदान सामग्री और ईवीएम का वितरण नहीं किया गया। आरओ सह महनार डीसीएलआर मेघा कश्यप ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान कर्मियों को सामग्री का वितरण बुधवार को किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था सिर्फ राजापाकर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में समान रूप से लागू है।
कुछ मतदान कर्मियों ने बताया कि सामग्री एक दिन पहले मिल जाती तो उन्हें बूथ पर जाने में सुविधा होती।
मौके पर बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, बीपीआरओ सिद्धू रंजन कुमार, नीतीश कुमार, पंकज कुमार, सुनील कुमार, दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#BiharElection2025 #RajapakarNews #ChunavTayyari #ObserverVisit #JeevanBabuIAS #DispatchCenter #EBMDistribution #ElectionUpdate #PeacefulVoting #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ











