-चतरा में प्रमंडलीय आयुक्त का ताबड़तोड़ निरीक्षण, राजस्व और बाल संरक्षण व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार शनिवार को चतरा पहुंचे, जहां उपायुक्त रवि आनंद ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने जिले के अंचल कार्यालय, बालक गृह, बालिका गृह एवं समाहरणालय में चल रहे राजस्व संग्रहण कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अंचल कार्यालय निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अमीनों की कमी, अभिलेख संधारण, कर्मियों की उपस्थिति तथा लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो।

इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने पकरिया स्थित मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत संचालित बालिका गृह एवं बालक गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दिव्यांग एवं मूक-बधिर बालिकाओं के लिए सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने का निर्देश दिया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित राजस्व समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
बैठक और निरीक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
चतरा से अमित कुमार सिंह की रिपोर्ट












