चंपारण की खबर::
-घोड़ासहन में डकैतों का तांडव जारी, कापरेटिव जिला उपाध्यक्ष के बाद वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाया
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले में एक बार फिर हथियार बंद डकैतों ने घोड़ासहन थाना क्षेत्र में ही श्रीपुर की महिला वार्ड सदस्य के घर को निशाना बनाया है। जहां से नगद समेत लगभग 7 लाख के सामान लूट लिए। इस दौरान डकैतों ने वार्ड सदस्य के साथ मारपीट भी की। जबकि इसके पांच दिन पूर्व घोड़ासहन थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में ही डकैतों ने जिला कोआपरेटिव के उपाध्यक्ष अरुण सिंह के घर को निशाना बनाया और जमकर लूटपाट किया था। अब घोड़ासहन थाना क्षेत्र में ही
एक सप्ताह में दूसरी डकैती की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है। बता दें कि बीते 21 अप्रैल को जिला कॉपरेटिव के उपाध्यक्ष अरुण सिंह के घर हुए डकैती कांड की जांच में पुलिस अभी उलझी ही हुई है कि इसी बीच डकैतों ने श्रीपुर के वार्ड नंबर चार की महिला वार्ड सदस्य पिंकी कुमारी के घर डांका डाल दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस ने डकैतों के भागने की दिशा में छापेमारी तेज कर दी है।

इस संबंध में महिला वार्ड सदस्य पिंकी कुमारी के जेठ अरुण बैठा ने बताया कि बीती रात उनके छोटे भाई की पत्नी को छत पर कुछ चहलकदमी का अहसास हुआ तो वह छत पर गई और छत का दरवाजा खोला। जहां पहले से घात लगाये 7 -8 की संख्या में डकैतों ने पिंकी कुमारी को पकड़ लिया और उनके गले का मंगलसूत्र निकाल लिया। फिर बाल पकड़कर घसीटते हुए सीढ़ियों से नीचे लाए। जहां सभी को चुप रहने का इशारा कर लगभग 15 से 20 मिनट तक घर में लूटपाट मचाया। डकैतों ने घर में रखे 2 लाख 8 हजार रुपये नगद समेत पांच लाख के आभूषण लूट लिए। वहीं, डकैतों के जाने के बाद गृहस्वामी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस तत्काल पहुंची और डकैतों के भागने की दिशा में पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर डकैत फरार हो चुके थे। एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा और सिकरहना डीएसपी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। घोड़ासहन थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर दल बल के साथ तुरंत पहुंचा लेकिन डकैत तब तक भाग चुके थे।
















