-गायघाट में लीची एक्सपोर्ट कंपनी पर हमला, तोड़फोड़ और मारपीट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
गायघाट, दीपक कुमार। गायघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित एक लीची एक्सपोर्ट कंपनी पर हुए हमले, तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब दर्जनों असामाजिक तत्वों ने कंपनी परिसर में घुसकर उत्पात मचाया।
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने कंपनी के कर्मियों के साथ मारपीट की तथा मशीनों और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। घटना में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गायघाट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अधिकांश आरोपी फरार हो चुके थे। गायघाट थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वहीं अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
कंपनी के व्यवस्थापक पप्पू कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम मीनापुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन किसान लीची पैकिंग का कार्य देखने कंपनी पहुंचे थे। लौटने के दौरान मैठी टोल प्लाजा के समीप वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने किसानों की कार को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया। जगह नहीं होने के कारण किसानों द्वारा असमर्थता जताने पर युवकों ने उन्हें वाहन से खींचकर मारपीट शुरू कर दी।
बताया जाता है कि इसी विवाद के बाद देर रात बड़ी संख्या में लोग लीची एक्सपोर्ट कंपनी पहुंच गए और हमला बोल दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।












