-गायघाट में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, दोस्तों पर शक
गायघाट। संवाददाता।
एनएच 27 स्थित गायघाट चौक के पास रविवार दोपहर बकेया नदी किनारे पीयर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा निवासी राजदीप उर्फ मुन्ना (21 वर्ष) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसे घर से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। गर्दन पर कई वार किए जाने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से युवक का मोबाइल फोन भी गायब है।
राजदीप अपने ननिहाल गायघाट में मां और तीन बहनों के साथ रह रहा था। वह स्नातक अंतिम वर्ष का छात्र था, जबकि उसकी मां गायघाट पुराने चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान चलाती हैं। पिता सुरेंद्र साह का निधन दस साल पहले हो चुका था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर एक मक्के के खेत से युवक की चप्पल बरामद की है। वहीं, खेत में खून के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घायल होने के बाद युवक ने भागने की कोशिश की थी लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मां बेबी देवी ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब दो बजे किसी ने फोन कर राजदीप को बुलाया था। करीब साढ़े तीन बजे उसका शव बरामद हुआ। बेबी देवी ने बेटे के दोस्तों पर ही हत्या की आशंका जताई है।
थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
#गायघाट #हत्या #राजदीपमर्डर #बकेयानदी #BreakingNews #CrimeNews












