Advertisement

गया में फल्गु नदी की बाढ़ ने मचाई तबाही, 20 लोगों को SDRF ने बचाया, डेढ़ साल का बच्चा लापता

-गया में फल्गु नदी की बाढ़ ने मचाई तबाही, 20 लोगों को SDRF ने बचाया, डेढ़ साल का बच्चा लापता

गया (बिहार) | विशेष संवाददाता

गया जिले में बीते दो दिनों से लगातार हो रही रुक-रुककर बारिश के कारण फल्गु नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। बुधवार देर रात करीब 3 बजे नदी के तेज बहाव ने बड़ा हादसा कर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिक्सलेन पुल के नीचे पिलर के पास डेरा जमाए बैठे 21 लोग अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गए।

पानी का बहाव इतना तेज था कि पल भर में पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। नींद में सो रहे लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के मोहल्लों के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम हरकत में आई। जान जोखिम में डालकर तेज बहाव में फंसे लोगों को रस्सी और अन्य संसाधनों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को पुल के ऊपर से रस्सी फेंककर खींचा गया।

करीब चार घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन हादसे में डेढ़ साल का मासूम बच्चा मिराज तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश अब भी जारी है।

स्थानीय युवक संतोष कुमार ने बताया कि सभी लोग खानाबदोश समुदाय से हैं और चार दिन पहले फल्गु नदी किनारे डेरा जमाया था। उन्होंने बताया कि देर रात सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और SDRF की टीम के साथ मिलकर राहत कार्य में जुट गए।

बाढ़ के कारण कई मवेशियों के बहने की भी सूचना है। प्रशासन द्वारा बच्चे की खोजबीन जारी है और नदी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।

#GayaFlood #FalguRiver #SDRFRescue #BiharRain #ChildMissing #NaturalDisaster #GayaNews #FloodRescueOperation #MufassilThana