Advertisement

मधुबनी गांव में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 238 पेटी विदेशी शराब बरामद; दो गिरफ्तार

-मधुबनी गांव में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 238 पेटी विदेशी शराब बरामद; दो गिरफ्तार

-चौर के जंगलों में छिपाकर रखी गई थी 219 पेटी शराब
-बोलेरो और स्विफ्ट कार जब्त
-छापेमारी के दौरान स्विफ्ट कार चालक फरार

मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी गांव में छापेमारी कर कुल 238 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक बोलेरो और एक स्विफ्ट कार जब्त की गई है। वहीं, बोलेरो से चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान स्विफ्ट कार का चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, निरीक्षक मध्य निषेध प्रकाश कुमार राम के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक प्रीति कुमारी एवं उपेंद्र मंडल के साथ उत्पाद सिपाही और होमगार्ड जवानों की टीम मधुबनी गांव में छापेमारी के लिए जा रही थी। इसी दौरान नए बाईपास से मधुबनी गांव की ओर उतरने के क्रम में सामने से एक बोलेरो आती दिखाई दी। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो से 19 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई।

मौके से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहित कुमार, पिता अशोक पंडित, निवासी मधुबनी वार्ड संख्या-11, थाना सदर, मुजफ्फरपुर और अंशु राज, पिता राकेश कुमार, निवासी नंदपुरी, भगवानपुर वार्ड संख्या-3, थाना सदर, मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। अंशु राज बोलेरो का चालक बताया गया है।

दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने घटनास्थल से कुछ दूरी पीछे चौर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक स्विफ्ट कार से विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि, टीम को देखते ही कार चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद चौर के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली। गिनती करने पर वहां से 219 पेटी शराब बरामद हुई।

इस तरह बोलेरो से 19 पेटी और चौर के जंगलों से 219 पेटी मिलाकर कुल 238 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के साथ दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, फरार स्विफ्ट कार चालक की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है।