Advertisement

गंगा पर औंटा घाट–सिमरिया सिक्स लेन पुल तैयार, 22 अगस्त को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

-गंगा पर औंटा घाट–सिमरिया सिक्स लेन पुल तैयार, 22 अगस्त को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

मोकामा/बेगूसराय।दीपक कुमार तिवारी।

गंगा नदी पर उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला नया औंटा घाट–सिमरिया सिक्स लेन पुल अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। 8.150 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 अगस्त को करेंगे। इसमें गंगा नदी पर बना मुख्य हिस्सा 1.865 किलोमीटर लंबा है।

करीब 1871 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल विकासशील बिहार के आधुनिक आधारभूत ढांचे का प्रतीक माना जा रहा है। राजेंद्र पुल के समानांतर बने इस पुल पर अभी एक लेन से वाहनों का आवागमन हो रहा है, जबकि दूसरी लेन का काम पूरा हो चुका है। इसके शुरू हो जाने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच सफर बेहद आसान हो जाएगा।

नए पुल के निर्माण से बेगूसराय और मोकामा समेत पूरे क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी। राजधानी पटना आने-जाने वाले यात्रियों को अब राजेंद्र पुल पर लगने वाले लंबे जाम से मुक्ति मिलेगी। साथ ही पूर्णिया, भागलपुर सहित कई जिलों के यात्रियों को भी आवागमन में सहूलियत होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में बिहार के लिए विशेष पैकेज की घोषणा के दौरान इस पुल का वादा किया था। वर्ष 2017 में मोकामा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने इसका शिलान्यास किया था।

इसी अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी बख्तियारपुर से मोकामा तक बनी 44.60 किमी लंबी 4 लेन सड़क का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर 1899 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

ऐतिहासिक राजेंद्र पुल की याद:

राजेंद्र पुल, जिसे देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 1956 में शिलान्यास किया था और जिसका उद्घाटन पंडित जवाहरलाल नेहरू व श्रीकृष्ण सिंह ने 1959 में किया था, पिछले सात दशकों से यातायात का बोझ उठा रहा है। भारी वाहनों पर प्रतिबंध और लगातार जाम की समस्या से लोग परेशान थे। अब नया सिक्स लेन पुल इस बोझ को काफी हद तक कम कर देगा।

नए पुल से न केवल बिहार बल्कि पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही अब सुगम हो जाएगी, जिससे आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।