-बीडीओ ने जाति आधारित गणना में शुद्धता रखने का दिया निर्देश
खैरा।अरुण।
प्रखंड क्षेत्र में किए जा रहे जाति आधारित गणना कार्य का प्रखंड विकास पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को जायजा लिया. इस दौरान वह रायपुरा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित रायपुरा पहुंचे. जहां उन्होंने मकान सूचीकरण के कार्यों का जायजा लिया. मौके पर उन्होंने प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि मकान सूचीकरण के दौरान पूरी शुद्धता बरती जाय. उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों की संख्या का सूचीकरण करते वक्त इस बात का पूरा ध्यान रखा जाय कि परिवार का कोई भी सदस्य से छूटने ना पाये।

इस दौरान उन्होंने प्रगणन कार्य का जायजा लिया तथा हो रही अशुद्धियों को दूर करते हुए इसमें संजीदगी बरतने का निर्देश दिया. बीडीओ श्री त्रिपाठी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में जाति आधारित गणना कार्य के पहले चरण में मकान का सूचीकरण किया जा रहा है. जिसमें 11 नोडल ऑफिसर को लगाया गया है. उन्होंने बताया कि मेरे द्वारा इसकी सतत निगरानी की जा रही है, इस दौरान उन्होंने रायपुरा वार्ड संख्या 4 में सूचीकरण किए जा चुके सभी 13 मकान में जाकर लोगों से बातचीत भी की. बीडीओ ने बताया कि मकान सूचीकरण के दौरान सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक नजरी नक्शा भी तैयार कर रहे हैं, जिसमें अलग-अलग लैंडमार्क को चिन्हित किया जा रहा है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि गणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. मौके पर अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे.












