-खेत में भैंस चराने जा रहे युवक की करंट लगने से मौत, बिजली का तार टूटकर गिरा था
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना क्षेत्र में खेत की ओर भैंस चराने जा रहे 21 वर्षीय युवक की बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बुधवार की सुबह करीब आठ बजे बखरी बराई पंचायत के बखरी बराई गांव से सटे चौड़ क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 11 निवासी शिवचंद्र राय के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतक के पिता शिवचंद्र राय ने राजापाकर थाने में आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनका पुत्र रोशन कुमार बुधवार सुबह घर के बगल स्थित चौड़ की ओर भैंस चराने जा रहा था। इसी दौरान रसूलपुर अली उर्फ फरीदपुर गांव के क्षेत्र में जंगल के पास पोल से बिजली का तार टूटकर खेत में गिरा हुआ था। रोशन कुमार की नजर टूटे हुए तार पर नहीं पड़ी और उसका पैर बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर लाया गया। घटना की सूचना मिलने पर राजापाकर थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
परिजनों की ओर से विद्युत विभाग के कनीय अभियंता को भी घटना की सूचना मोबाइल के माध्यम से दी गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने पुलिस से घटना की जांच कराने तथा मृतक के परिजनों को आपदा कोष से मुआवजा दिलाने की मांग की है।












