-खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन परियोजना को मिली मंजूरी, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद
पटना, 03 जून 2026। दीपक। बिहार के सड़क बुनियादी ढांचे को बड़ी मजबूती देने वाली खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन परियोजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड को चार लेन में उन्नत करने की 3,936.05 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
143.529 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर (बीओटी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। परियोजना को मंजूरी मिलने पर बिहार के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बिहार के विकास को नई गति देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार में विकास की अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन परियोजना सीमांचल और कोसी क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी तथा राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, सड़क उन्नयन के बाद आवागमन अधिक सुगम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और माल ढुलाई की प्रक्रिया तेज होगी। इससे व्यापार, कृषि, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल सड़क अवसंरचना को मजबूत करेगी, बल्कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार का उद्देश्य राज्य में आधुनिक और बेहतर परिवहन व्यवस्था विकसित कर विकास की गति को और तेज करना है।













