-कुहासे में बेकाबू कार ने उड़ाया बिजली का खंभा, 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटी
-फिल्मी स्टाइल में हुई हादसे की शिकार
— तीन सवार बाल-बाल बचे
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
हत्था थाना क्षेत्र के बखरदौरा गांव के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे ठंड और घने कुहासे के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार 440 वोल्ट के विद्युत पोल को तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार में तीन लोग सवार थे, जो गनीमत रही कि बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद कार में सवार तीनों लोग तथा चालक गाड़ी से निकल कर मौके से फरार हो गए। वाहन के अंदर एक बैग मिला है, जिसमें कपड़े आदि रखे हुए थे, लेकिन इससे भी सवारों की पहचान नहीं हो सकी है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

सूचना मिलने पर हत्था थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर,रस्सा आदि से क्षतिग्रस्त कार को गड्ढे से बाहर निकलवाया गया। हादसे के कारण विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, जिससे आसपास कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इस संबंध में हत्था थाना अध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक मौके से फरार हो गया है और अभी तक किसी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।














