-कांटी से जदयू प्रत्याशी अजीत कुमार ने दाखिल किया नामांकन, कहा- कांटी की माटी के मान-सम्मान के लिए हमेशा रहूंगा समर्पित
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान कांटी से लेकर शहर तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच वे समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे।
पत्रकारों से बातचीत में अजीत कुमार ने कहा कि वे कांटी की माटी के मान-सम्मान और विकास के लिए सदैव संघर्षरत रहे हैं, और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा, “कांटी के लोगों का मुझे हमेशा अपार स्नेह और समर्थन मिला है। इस बार भी जन आशीर्वाद से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि वे कांटी की जीत सुनिश्चित करने के साथ-साथ पूरे मुजफ्फरपुर जिले में एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। “सबका साथ, सबका विकास” के नारे को बुलंद करते हुए अजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं के सम्मान, शिक्षा, रोज़गार और विकास के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे।
नामांकन के मौके पर भारी भीड़ उमड़ी रही और समर्थकों ने “अजीत कुमार जिंदाबाद”, “कांटी बोलेगा, विकास को वोट देगा” जैसे नारे लगाकर माहौल को जोश से भर दिया।












