Advertisement

कांटी में आरओबी निर्माण बना मुसीबत, डंपर की धूल से जनजीवन बेहाल

-कांटी में आरओबी निर्माण बना मुसीबत, डंपर की धूल से जनजीवन बेहाल

मुजफ्फरपुर (कांटी):

कांटी इलाके में एनएच-27 पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण कार्य इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत कांटी एनटीपीसी के समीप नेता चौक के पास चल रहे निर्माण कार्य में मिट्टी भराई के लिए डंपर गाड़ियों का लगातार इस्तेमाल हो रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, डंपर गाड़ियां कांटी हाई स्कूल रोड, पुराना चौक, गोला रोड, थाना रोड और नया चौक होते हुए निर्माण स्थल तक पहुंच रही हैं। इस दौरान सड़कों पर मिट्टी गिरने से मोटी परत जम जा रही है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उठ रहे हैं।

धूलकणों की वजह से मुख्य बाजारों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों, स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा, जिससे हालात और खराब होते जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया है कि इसी मार्ग से ट्रैक्टरों द्वारा भी दिन-रात मिट्टी ढुलाई की जा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।

ग्रामीणों और व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए और डंपर गाड़ियों के परिचालन पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि लोगों को धूल और गंदगी से राहत मिल सके।

फिलहाल, यह जनहित से जुड़ा मुद्दा बन चुका है और लोगों की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।