Advertisement

कांटी के दामोदरपुर में आम्रपाली ज्वेलर्स पर हथियारबंद लुटेरों का धावा, फायरिंग से मची दहशत; एक बदमाश पकड़ाया

-कांटी के दामोदरपुर में आम्रपाली ज्वेलर्स पर हथियारबंद लुटेरों का धावा, फायरिंग से मची दहशत; एक बदमाश पकड़ाया

मुजफ्फरपुर, कांटी। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की तथा दुकानदार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। हालांकि घायल अवस्था में भी दुकानदार की बहादुरी से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जिसे बाद में स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार अपराधी दो बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी दुकान पहुंचे थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार धर्मेंद्र कुमार को पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया। इसके बावजूद धर्मेंद्र कुमार ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। इस दौरान एक अपराधी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। मौके से अपराधियों की एक बाइक भी बरामद की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, पश्चिमी वन की एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी तथा कांटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि फरार अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।