Advertisement

कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू, शहर से गांव तक भक्तिमय हुआ माहौल

-कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू, शहर से गांव तक भक्तिमय हुआ माहौल

मुजफ्फरपुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालु कलश स्थापना और पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे दिखे। शहर के विभिन्न देवी मंदिरों के साथ-साथ लोगों ने अपने घरों में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
नवरात्र को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही। कई भगवती स्थानों से कलश यात्रा भी निकाली गई। माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और पाठ कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करेंगे।
व्रती प्रेमा कुमारी ने कहा कि नवरात्र का सभी को बेसब्री से इंतजार रहता है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं। उन्होंने बताया कि वे भी नौ दिनों तक मां का पाठ और पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगी।
शारदीय नवरात्र के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल है। मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ के साथ भक्त मां दुर्गा की भक्ति में लीन हैं।