-औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी के कुछ महीनों बाद ही बुझ गया सुहाग, गांव में पसरा मातम
औरंगाबाद।संवाददाता।
मदनपुर थाना क्षेत्र के झीकटिया मोड़ पर शनिवार की देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा एक नवविवाहित परिवार की खुशियों को पलभर में छीन ले गया। दुल्हन की हथेलियों पर मेंहदी का रंग अभी पूरी तरह गहरा भी नहीं हुआ था कि ज़िंदगी ने ऐसा करवट बदला कि नया-नया बसा घर उजड़ गया। यह हादसा मात्र एक टक्कर नहीं, बल्कि एक परिवार की टूटती दुनिया की दर्दनाक कहानी बन गया।
ग्राम पंचायत निमाआजन के चांदपुर निवासी प्रमोद रिकियासन, पिता बिगन भुइयां, अपने निजी कार्य से मदनपुर बाज़ार से घर लौट रहे थे। झीकटिया मोड़ पर उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। रात के सन्नाटे में गूँजी यह आवाज़ आसपास के लोगों को दहला गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मदनपुर थाना के एसआई सुरेंद्र कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

घर में मचा कोहराम, बूढ़े पिता के शब्दों ने रुलाया:
प्रमोद की मौत की खबर ने चांदपुर गांव को शोक की चादर में लपेट दिया। बूढ़े पिता बिगन भुइयां का रो-रोकर बुरा हाल है। कांपती आवाज़ में उन्होंने सिर्फ इतना कहा—“बाबू अभी तो शादी किए था… घर में रस्म की खुशबू भी नहीं गई… किसे पता था कि ये रास्ता उसे हमेशा के लिए हमसे छीन ले जाएगा…”
उनकी बातें सुनकर आसपास के लोगों की आंखें नम हो उठीं। नवविवाहिता का टूटा सुहाग, उसके सपने, और घर की नई दहलीज पर रखी उम्मीदें सब कुछ एक क्षण में बिखर गया।
गांव में मातम पसरा है। घर की दीवारें भी जैसे विलाप कर रही हों। पत्नी की सिसकियाँ और माता-पिता का दर्द ऐसा माहौल बना रहा है कि हर कोई शोक में डूब गया है।
तेज़ रफ्तार ने छीनी कई ज़िंदगियाँ, कई सपने:
यह हादसा दिखाता है कि सड़क पर लापरवाही सिर्फ एक जान नहीं लेती, बल्कि पूरे परिवार के अरमानों को राख कर देती है। सड़क पर बिखरे मलबे के साथ एक परिवार की खुशियाँ भी बिखर गईं… और पीछे रह गई एक दर्दनाक कहानी—नवविवाहिता की मेंहदी का रंग सूखने से पहले ही किस्मत ने उसका सुहाग छीन लिया।










