-एसकेएमसीएच के पास सड़क पर पड़ा पेड़ बना मुसीबत, एनएच-77 पर लगा लंबा जाम
मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के समीप पिछले दिनों आई तेज आंधी में गिरा पेड़ अब भी नहीं हटाया जा सका है। सड़क किनारे पड़ा यह पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-77 (सीतामढ़ी रोड) पर आवागमन में बड़ी बाधा बन गया है, जिसके कारण सोमवार को लंबा जाम लग गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, आंधी के दौरान गिरा पेड़ सड़क के एक हिस्से को घेरकर पड़ा हुआ है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और खासकर पीक आवर्स में जाम की स्थिति गंभीर हो जा रही है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि पेड़ गिरने के कई दिन बाद भी संबंधित विभाग द्वारा इसे हटाने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब पेड़ हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।












