Advertisement

एमडीडीएम कॉलेज में IQAC बैठक सम्पन्न, शैक्षणिक गुणवत्ता, सामाजिक उत्तरदायित्व व छात्र कल्याण पर हुआ मंथन

-एमडीडीएम कॉलेज में IQAC बैठक सम्पन्न, शैक्षणिक गुणवत्ता, सामाजिक उत्तरदायित्व व छात्र कल्याण पर हुआ मंथन

मुज़फ्फरपुर। एमडीडीएम कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने की, जबकि संचालन IQAC समन्वयक डॉ. देबस्रुति घोष ने किया। बैठक में IQAC सदस्य डॉ. प्रांजलि एवं डॉ. श्वेता यादव ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक की शुरुआत संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व (ISR) गतिविधियों की समीक्षा से हुई। वर्तमान में संचालित सामुदायिक कार्यक्रमों का मूल्यांकन करते हुए ग्रामीण एवं वंचित वर्गों के लिए नई सामाजिक पहलों को शुरू करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके बाद छात्र परामर्श सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। मनोवैज्ञानिक एवं शैक्षणिक परामर्श सेवाओं की समीक्षा करते हुए नियमित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा दिया जा सके।


बैठक में प्लेसमेंट एवं करियर सहायता से जुड़े विषयों पर भी विशेष चर्चा हुई। प्लेसमेंट सेल की गतिविधियों एवं हालिया प्लेसमेंट आंकड़ों की समीक्षा के क्रम में उद्योग जगत से बेहतर समन्वय, इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाने तथा रोजगारोन्मुख कौशल विकास कार्यक्रम प्रारंभ करने की रणनीतियाँ तय की गईं। छात्रों की करियर तत्परता बढ़ाने हेतु सॉफ्ट स्किल एवं व्यक्तित्व विकास सत्र आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त, एमओयू (MoUs) एवं सहयोगात्मक साझेदारियों की प्रगति की समीक्षा की गई। मौजूदा समझौतों की सक्रियता पर चर्चा करते हुए संस्थान के दीर्घकालिक लक्ष्यों के अनुरूप नए MoUs हस्ताक्षरित करने का निर्णय लिया गया।
अंत में ISR, छात्र परामर्श एवं सहयोगात्मक गतिविधियों को आपस में जोड़ते हुए एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी, जिससे महाविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता, सामाजिक प्रासंगिकता एवं छात्र कल्याण को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने कहा कि IQAC के माध्यम से सुझाए गए सुधारात्मक कदम महाविद्यालय को गुणवत्ता-आधारित एवं छात्र-केंद्रित संस्था के रूप में सशक्त बनाएंगे।