Advertisement

पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर चतरा में जश्न, निकली विजयी जुलूस

-पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर चतरा में जश्न, निकली विजयी जुलूस

चतरा। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद चतरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता के नेतृत्व में विजयी जुलूस निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ निकली यह जुलूस शहर के जताराहीबाग से होते हुए केशरी चौक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” व “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

 

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता ने कहा कि यह जीत देश की जनता के विकास, राष्ट्रवाद और मजबूत नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि जनता ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। भाजपा की यह जीत इसी जनभावना का प्रतिबिंब है।

रामदेव सिंह भोक्ता ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता के प्रति आभार जताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकारें इन राज्यों में विकास का नया अध्याय लिखेंगी।

जुलूस और जश्न कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।