Advertisement

एनएस राजा सुब्रमणि बने देश के अगले CDS, 30 मई के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

-एनएस राजा सुब्रमणि बने देश के अगले CDS, 30 मई के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को भारत का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे मौजूदा CDS अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। सरकार के इस फैसले को भारत की सैन्य रणनीति और सीमा सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 सितंबर 2025 से यह जिम्मेदारी संभाल रखी है। सेना में 37 वर्षों से अधिक के अनुभव और रणनीतिक समझ को देखते हुए सरकार ने उन्हें देश की तीनों सेनाओं के समन्वय की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

सैन्य हलकों में राजा सुब्रमणि को “साइलेंट स्ट्रैटेजिस्ट” के रूप में जाना जाता है। चीन और पाकिस्तान सीमा पर उनका लंबा अनुभव उन्हें विशेष बनाता है। इससे पहले वे 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख के पद पर रह चुके हैं। वहीं मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी अहम जिम्मेदारी निभाई।

दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन पाने वाले राजा सुब्रमणि ने अपने करियर में कई संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण इलाकों में सेवाएं दी हैं। उन्होंने कमान, प्रशिक्षण और स्टाफ से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। सेना के भीतर उन्हें अनुशासन, रणनीति और ऑपरेशनल प्लानिंग का विशेषज्ञ माना जाता है।

शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी उनका रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी के पूर्व छात्र रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ब्रैक्नेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज तथा नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

राजा सुब्रमणि के पास किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एमफिल की डिग्री भी है। अब देश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए CDS के रूप में वे भारत की सैन्य ताकत को किस नई ऊंचाई तक ले जाते हैं।