-ई-रिक्शा चोरी की कोशिश नाकाम, लोगों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
मुजफ्फरपुर। शहर के नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड स्थित पंकज मार्केट में मंगलवार को ई-रिक्शा चोरी की कोशिश के दौरान जमकर हंगामा हो गया। एक युवक ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक दिलीप कुमार टेकरीवाल पंकज मार्केट रोड स्थित एक पूर्व विधायक के आवास के पास किराये के मकान में रहते हैं। मंगलवार को वह अपनी ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ी कर कुछ देर के लिए पानी पीने कमरे में गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने ई-रिक्शा स्टार्ट किया और लेकर भागने लगा।

कमरे से बाहर निकलते ही चालक ने अपनी गाड़ी गायब देखी तो उसने शोर मचाते हुए चोर का पीछा किया। चालक की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरी की घटना से नाराज लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी स्मैक के नशे में था और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने ई-रिक्शा चोरी की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












