-बहन को जबरन ले जाने का विरोध करने पर भाई-बहन से मारपीट, दो कारों से पहुंचे थे आरोपी
इटावा। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के बलैयापुर गांव में मंगलवार सुबह युवती और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। भाई का आरोप है कि गांव का ही एक युवक अपने साथियों के साथ दो कारों से पहुंचा और उसकी बहन को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने भाई-बहन के साथ मारपीट की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
युवती के भाई श्याम सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक उसकी बहन को लंबे समय से परेशान कर रहा था। मंगलवार सुबह वह घर में अपने पिता के साथ बहन की शादी को लेकर बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान आरोपित युवक अपने साथियों के साथ घर के बाहर पहुंचा और उसकी बहन से शादी करने की बात कहने लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने धमकी दी और युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। बहन को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी अपने साथियों के साथ कारों से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और जसवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












