-आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ का धरना प्रदर्शन, 6 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में उठी आवाज
राजापाकर (वैशाली)/संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड सेविका-सहायिका संघ द्वारा बुधवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय राजापाकर के परिसर में अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड सह जिला अध्यक्ष सरिता कुमारी ने की, जबकि संचालन अनुराधा कुमारी ने किया। प्रदर्शन में प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका-सहायिकाएं शामिल रहीं।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि अन्य विभागों के कर्मियों का वेतन तो दुगुना कर दिया गया, लेकिन आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को अब भी नजरअंदाज किया जा रहा है। सरिता कुमारी ने कहा कि सरकार यदि हमारी मांगे नहीं मानती है, तो आगामी 12 एवं 13 अगस्त को पटना में मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
1. सेविका का सरकारीकरण किया जाए।
2. मानदेय ₹15,000 किया जाए।

3. पर्यवेक्षिका की बहाली में हड़ताल अवधि को सेवा निरंतरता में जोड़ा जाए।
4. चयन-मुक्ति की धमकी और मानसिक शोषण पर रोक लगे।
5. 5G मोबाइल खरीद के लिए नगद राशि खाते में दी जाए।
6. सेविकाओं को बीएलओ जैसे अतिरिक्त कार्यों से मुक्त किया जाए।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली बिल की समस्या भी प्रमुख मुद्दा रही। सेविकाओं ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से बार-बार रिचार्ज कराने के लिए मैसेज भेजे जाते हैं, और रिचार्ज नहीं कराने पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। उन्होंने इस पर स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अनुराधा कुमारी, अंजना कुमारी, शिखा कुमारी, रश्मि कुमारी, पूजा देवी, आशा देवी, शीला कुमारी, कंचन कुमारी, गायत्री देवी, अंजू कुमारी, सरिता देवी, सरिता कुमारी सहित दर्जनों सेविका-सहायिकाएं मौजूद रहीं।
सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।












