-अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर तीर-भाले से हमला, जवान गंभीर रूप से घायल
पूर्णिया। पूर्णिया जिले के चम्पानगर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासनिक टीम पर कथित अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए हिंसक हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। तीर, भाला, लाठी और ईंट-पत्थरों से किए गए हमले में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी बताए जा रहे हैं।
घटना केनगर अंचल के मौजा प्रसादपुर की है, जहां करीब 11.28 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही थी। बताया जाता है कि यह जमीन विक्रमपट्टी कवैया निवासी सुधीर ऋषि की है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज थी। न्यायालय और प्रशासन के आदेश के बाद प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार तथा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही प्रशासनिक टीम ने भूमि खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की, विरोध कर रहे लोगों ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने तीर-धनुष, भाला, लाठी और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षा बलों को निशाना बनाया।

हमले में चम्पानगर थाना में पदस्थापित ग्रामीण पुलिस जवान शंकर पासवान के गले में तीर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल श्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया गया। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और इलाके को अपने नियंत्रण में लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि हमले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने विवादित जमीन की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस घटना ने जमीन विवादों को लेकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।











