Advertisement

-हर हाल में पूरा करें लक्ष्य,राशन कार्ड निर्माण में मिशन मोड पर जोर

-हर हाल में पूरा करें लक्ष्य,राशन कार्ड निर्माण में मिशन मोड पर जोर

-डीएम कुमार गौरव के सख्त निर्देश

मुजफ्फरपुर, 27 जुलाई 2026। जिले में नए राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सभी संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 05 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल किया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के आलोक में राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले को 86,175 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध अब तक लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
डीएम ने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर लंबित आवेदनों के निष्पादन में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड के लिए ऑफलाइन प्राप्त सभी आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उन्हें तुरंत ऑनलाइन दर्ज कराया जाए।


उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्र आवेदकों के पास जाति, आवासीय या अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनके प्रमाण-पत्रों का शीघ्र निर्गमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का नियमित वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि मरीजों को समय पर पोषण सहायता मिलती रहे।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी एवं पश्चिमी), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।