-हरपुर में जलजमाव के खिलाफ ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, स्थायी नाला निर्माण की मांग
-घंटों बाधित रहा समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग, प्रशासन ने मिट्टी कटवाकर कराई पानी की निकासी
पूसा (समस्तीपुर), 11 अक्टूबर। दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 और 7 के भुस्कौल चौक के समीप वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घंटों सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सड़क किनारे मिट्टी कटवाकर जमा पानी की निकासी कराई गई। इससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने कहा कि भुस्कौल चौक और आसपास के वार्डों में जलजमाव गंभीर समस्या बन चुका है। सड़क किनारे गंदा पानी जमा रहने और कीचड़ फैलने से लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है। इससे रोजमर्रा के कामकाज, बाजार आने-जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचाने में कठिनाई होती है। साथ ही, गंदे पानी के जमाव से बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान भुस्कौल चौक पर सैकड़ों लड़कियां दीप जलाने और पाठ करने पहुंचती हैं। वहीं, दर्जनों महिलाएं दुर्गा माता के स्थान पर पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं। ऐसे में रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़ जमा रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ रास्ता उपलब्ध कराना जरूरी है।
रौशन कुमार ने बताया कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर पहले ही बीडीओ को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे अतिक्रमण की जांच कर उसे हटाने और पक्के नाले का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन तेज किया जाएगा। इस संबंध में ग्रामीण एसडीओ को भी ज्ञापन सौंपेंगे।
प्रदर्शन के दौरान पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार राय सहित लाल बाबू राय, धर्मनाथ निराला, विपिन कुमार, अरविंद राय, लाल राय, पटेल कुमार, विकास कुमार, रंजन कुमार, प्रमोद कुमार, राजकुमार, शिवम कुमार और संतोष कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।












