-हनुमान मंदिर के पुजारी की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी
जनकपुरधाम | मिश्री लाल मधुकर
नेपाल के धनुषा जिले में एक हनुमान मंदिर के पुजारी की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार देर रात सबैला नगरपालिका के रघुनाथपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर की है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय बंठू यादव के रूप में हुई है, जो हंसपुर नगरपालिका के निवासी थे और रघुनाथपुर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में पुजारी का शव खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्रादेशिक अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
धनुषा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।












