-सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस का बढ़ा दबदबा, फॉलोअर्स के मामले में देश में तीसरे स्थान पर पहुंची
पटना।बिहार पुलिस अब सिर्फ अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं रही, बल्कि डिजिटल दुनिया में भी लगातार अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स के मामले में बिहार पुलिस ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस सूची में पहले नंबर पर उत्तर प्रदेश पुलिस और दूसरे स्थान पर केरल पुलिस है। खास बात यह है कि बिहार पुलिस ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को भी पीछे छोड़ दिया है।
फेसबुक पर बिहार पुलिस की खास पकड़ देखने को मिल रही है। इस प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बिहार पुलिस के फेसबुक पर 12.62 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि केरल पुलिस के 22 लाख और यूपी पुलिस के 5.22 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं। वहीं एक्स प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस के 5.53 लाख फॉलोअर्स हैं, जो केरल पुलिस के 4.94 लाख से अधिक हैं। हालांकि यूट्यूब पर बिहार पुलिस के सबसे कम 1.15 लाख सब्सक्राइबर हैं।
आंकड़ों के मुताबिक दो साल पहले बिहार पुलिस सोशल मीडिया रैंकिंग में पांचवें स्थान पर थी, लेकिन अब उसकी डिजिटल पहुंच और जनता से जुड़ाव तेजी से बढ़ा है। बिहार सरकार के सभी विभागों में भी बिहार पुलिस के सोशल मीडिया फॉलोअर्स सबसे ज्यादा बताए जा रहे हैं।

पिछले एक साल में बिहार पुलिस से करीब 3.50 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े हैं। वर्तमान में फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत सभी प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस के कुल 21.77 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 18.27 लाख था।
सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस की कुल रीच 448.30 मिलियन बताई गई है। इसमें फेसबुक पर 4.11 मिलियन, एक्स पर 27.5 मिलियन, इंस्टाग्राम पर 5.90 मिलियन और यूट्यूब पर 3 मिलियन की पहुंच दर्ज की गई है।
डिजिटल दौर में बिहार पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध नियंत्रण, साइबर अलर्ट, ट्रैफिक अपडेट और जनजागरूकता अभियानों को तेजी से लोगों तक पहुंचा रही है। यही वजह है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोगों का भरोसा भी खाकी के प्रति लगातार बढ़ता जा रहा है।












