-सीतामढ़ी–रक्सौल लोकल ट्रेनें लगातार लेट, यात्रियों में आक्रोश
सीतामढ़ी।दीपक।सीतामढ़ी–रक्सौल रेलखंड पर चलने वाली लोकल ट्रेनें इन दिनों लगातार देरी से संचालित हो रही हैं, जिससे दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ट्रेन संख्या 55577 (सीतामढ़ी–रक्सौल) करीब 2 घंटे तक लेट चल रही है, वहीं ट्रेन संख्या 55578 (रक्सौल–सीतामढ़ी) 3 घंटे तक देरी से खुल रही है।
केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए रेलवे प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह लोकल ट्रेन सीतामढ़ी की “लाइफ लाइन” है, जिससे बड़ी संख्या में कामगार, सरकारी कर्मचारी, निजी क्षेत्र के कर्मचारी, छात्र और मरीज रोजाना सफर करते हैं।
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में ट्रेन संख्या 55577 अपने निर्धारित समय सुबह 7:20 बजे के बजाय 20 अप्रैल को 3 घंटे 17 मिनट, 21 अप्रैल को 1 घंटा 25 मिनट, 22 अप्रैल को 1 घंटा 46 मिनट और 23 अप्रैल को 2 घंटे 17 मिनट देरी से खुली। इसी तरह ट्रेन संख्या 55578 भी अपने निर्धारित समय शाम 6:50 बजे के बजाय 19 अप्रैल को 2 घंटे 53 मिनट, 20 अप्रैल को 2 घंटे 46 मिनट, 21 अप्रैल को 3 घंटे 2 मिनट और 22 अप्रैल को 3 घंटे 8 मिनट लेट चली।
कैट के सचिव आलोक कुमार ने कहा कि इस रूट पर सीमित ट्रेनों के बावजूद नियमित देरी से यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वालों को अतिरिक्त दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों का संचालन समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।











